साहित्य धरा

भूख - देवकरण गंडास "अरविंद"

हमने तो केवल नाम सुना है
हम ने कभी नहीं देखी भूख,
जो चाहा खाया, फिर फैंका
हम क्या जानें, है क्या भूख।

पिता के पास पैसे थे बहुत
अपने पास ना भटकी भूख,
झुग्गी बस्ती, सड़क किनारे
तंग गलियों में अटकी भूख।

पढ़ ली परिभाषा पुस्तक में
कि इतने पैसों से नीचे भूख,
खाल से बाहर झांके हड्डियां
रोज सैकड़ों आंखे मिचे भूख।

बच्चों में बचा है अस्थि पंजर
इनका मांस भी खा गई भूख,
हमको क्या, हम तो जिंदा हैं
भूख में भूख को खा गई भूख।

श्रमिक - देवकरण गंडास "अरविंद"


सारा दिन ढोता है वो पत्थर
खाने को तब कुछ पाता है,
वो ठहरा एक श्रमिक साहब
कभी भूखा ही सो जाता है।

बदन तरबतर हुआ स्वेद से
लेकिन वह चलता जाता है,
जब काम नहीं मिलता है तो
वो गाली से पेट भर आता है।

हर रोज खड़ी करता बिल्डिंग
पर, पेड़ की छांव सो जाता है
अन्न की कीमत है मालूम उसे
पेट काटकर घर वो चलाता है।

जब काम तुम्हें तब मीठी वाणी
वरना मक्खी सा फैंका जाता है,
जिन्हें धन का गुमान, वो सुन लें
देश उसके कंधों से चल पाता है।

दिल तो करता है ख़ैर करता है - कुमार विश्वास

दिल तो करता है ख़ैर करता है 
आप का ज़िक्र ग़ैर करता है 

क्यूँ न मैं दिल से दूँ दुआ उस को 
जबकि वो मुझ से बैर करता है 

आप तो हू-ब-हू वही हैं जो 
मेरे सपनों में सैर करता है 

इश्क़ क्यूँ आप से ये दिल मेरा 
मुझ से पूछे बग़ैर करता है 

एक ज़र्रा दुआएँ माँ की ले 
आसमानों की सैर करता है 

ख़ुद को आसान कर रही हो ना - कुमार विश्वास

ख़ुद को आसान कर रही हो ना 
हम पे एहसान कर रही हो ना 

ज़िंदगी हसरतों की मय्यत है 
फिर भी अरमान कर रही हो ना 

नींद सपने सुकून उम्मीदें 
कितना नुक़सान कर रही हो ना 

हम ने समझा है प्यार पर तुम तो 
जान पहचान कर रही हो ना 

बात करनी है बात कौन करे - कुमार विश्वास

बात करनी है बात कौन करे 
दर्द से दो दो हाथ कौन करे 

हम सितारे तुम्हें बुलाते हैं 
चाँद न हो तो रात कौन करे 

अब तुझे रब कहें या बुत समझें 
इश्क़ में ज़ात-पात कौन करे 

ज़िंदगी भर की थे कमाई तुम 
इस से ज़्यादा ज़कात कौन करे 
Play on YouTube
Notification
This Platform is Under Maintenance Mode...
Done